ब्यूरो रिपोर्ट कुल्लू।
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। बंजार क्षेत्र के सोझा के पास शनिवार को एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 15 से 16 पर्यटक सवार थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 6 से 7 घायल यात्रियों को उपचार के लिए बंजार अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है।विधायक सुरेंद्र शौरी ने प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।