हिमाचल में पंचायत चुनावों का बिगुल तैयार! 20 अप्रैल के आसपास हो सकती है घोषणा, तीन चरणों में होंगे चुनाव

0
164

ब्यूरो रिपोर्ट।

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गांव की सरकार मानी जाने वाली पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव इस बार तीन चरणों में आयोजित किए जाने की पूरी संभावना जताई जा रही है। हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। सूत्रों के अनुसार, यदि तैयारियां समय पर पूरी होती हैं, तो 20 अप्रैल के आसपास चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनावों की पूरी प्रक्रिया को संपन्न करने में लगभग 30 दिन का समय लगता है। इसमें नामांकन, दस्तावेजों की जांच, नाम वापसी, मतदान और मतगणना जैसी अहम प्रक्रियाएं शामिल रहती हैं। ऐसे में यदि आयोग 31 मई तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करना चाहता है, तो पहले चरण का मतदान 20 या 21 मई के आसपास आयोजित किया जा सकता है।चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके लागू होते ही सरकार और प्रशासन नई योजनाओं की घोषणाएं, शिलान्यास और विकास कार्यों की शुरुआत नहीं कर सकेंगे। पंचायत चुनाव ग्रामीण लोकतंत्र की सबसे अहम कड़ी माने जाते हैं, जिनके माध्यम से जमीनी स्तर पर विकास योजनाओं को लागू करने वाले प्रतिनिधियों का चयन होता है।पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का कार्य तेजी से चल रहा है और उम्मीद है कि 20 अप्रैल तक अधिकांश पंचायतों की मतदाता सूचियां तैयार कर ली जाएंगी।प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में कराने के पीछे प्रशासनिक और लॉजिस्टिक कारण अहम हैं। पूरे राज्य में एक साथ चुनाव कराने के लिए भारी संख्या में कर्मचारियों और सुरक्षा बल की जरूरत होती है, जो एक समय में उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण होता है। इसके अलावा मतपेटियों की सीमित संख्या भी एक बड़ा कारण है। यही वजह है कि चरणबद्ध तरीके से चुनाव कराए जाते हैं, जिससे संसाधनों का बेहतर प्रबंधन संभव हो पाता है।फिलहाल संभावित उम्मीदवारों और आम जनता की निगाहें आयोग की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई हैं, जिससे चुनाव की तारीखों और चरणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here