भरमौर (ओपी शर्मा , संवाददाता ),
भरमौर थल्ला रोड पर शुक्रवार देर रात रात एक दर्दनाक सड़क पिकअप हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पिकअप वाहन भरमौर से वापस पंसेई की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुंकू टपरी के पास सड़क का डंगा अचानक धंस जाने से वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर से अधिक गहरी खाई में जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए।
इस दर्दनाक हादसे में मदन लाल पुत्र प्रेम सिंह, निवासी गांव पंसेई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनोज कुमार पुत्र पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन में सवार दोनों युवक आपस में चाचा भतीजा लगते थे।
घायल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 10 बजे हुआ।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।



