मौत के मुहाने से वापसी: बर्फ में फंसे युवक को पुलिस ने बचाया

0
29

ब्यूरो रिपोर्ट

हिमाचल पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और मानवता का परिचय देते हुए एक पर्यटक की जान बचाई है। मनाली के दुर्गम व्यासकुंड क्षेत्र में बर्फ के बीच फंसे केरल के 20 वर्षीय युवक को पुलिस टीम ने सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला।जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना मनाली को 112 हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिली कि केरल के मलप्पुरम निवासी अर्शद नरिक्कोट्टु मेचेरी अकेले ट्रैकिंग के लिए व्यासकुंड की ओर निकले थे। धुंधी ब्रिज से करीब 3 किलोमीटर ऊपर पहुंचने पर युवक भारी बर्फबारी में फंस गया। ठंड और बर्फ के कारण उसके जूते भी खो गए, जिससे उसके पैर सुन्न हो गए और वह चलने में असमर्थ हो गया।सूचना मिलते ही अटल टनल रोहतांग की सुरक्षा में तैनात सब-इंस्पेक्टर राज कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक को बर्फ के बीच खोज निकाला। युवक की हालत गंभीर देखते हुए सब-इंस्पेक्टर राज कुमार ने उसे अपनी पीठ पर उठाया और बर्फीले व पथरीले रास्ते से नीचे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।डीएसपी मनाली के.डी. शर्मा ने बताया कि पर्यटक अब पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि वे दुर्गम और अनजान क्षेत्रों में अकेले ट्रैकिंग करने से बचें।वहीं, रेस्क्यू किए गए युवक ने हिमाचल पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय पर मदद नहीं मिलती, तो उसकी जान बच पाना मुश्किल था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here