हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज: अगले 6 दिन बारिश-बर्फबारी, 28-30 मार्च तक येलो अलर्ट।

0
64

ब्यूरो रिपोर्ट।

हिमाचल प्रदेश में बीते कई दिनों से शुष्क बने मौसम के बाद अब मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीती रात से ही बदलाव देखने को मिला है, जहां बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह के दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।प्रदेश के अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। औसतन अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। चंबा में सबसे ज्यादा 4 डिग्री की गिरावट के साथ तापमान 25.4 डिग्री, सुंदरनगर में 26.0 डिग्री, नाहन में 24.8 डिग्री और कुफरी में 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।मौसम विभाग (IMD) ने अगले छह दिनों तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। विशेष रूप से 28 से 30 मार्च तक तेज बारिश, बर्फबारी, आंधी और तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले 72 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहेगा।मौसम विभाग के अनुसार, 29 मार्च को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य जिलों में अलर्ट रहेगा, जबकि 30 मार्च को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 31 मार्च को वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ने की संभावना है, हालांकि बारिश और बर्फबारी का सिलसिला 2 अप्रैल तक जारी रह सकता है।मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here