ब्यूरो रिपोर्ट ऊना
भक्ति का सफर उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया, जब बाबा बालक नाथ के दरबार में माथा टेककर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। ऊना जिले के बंगाणा थाना क्षेत्र के अंतर्गत थाना कलां के समीप एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में श्रद्धालु बड़ी संख्या में सवार थे और पूरा माहौल जयकारों से गूंज रहा था। जैसे ही बस थाना कलां के पास पहुंची, चालक संतुलन खो बैठा और बस पलट गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।पुलिस के पहुंचने से पहले ही आसपास के ग्रामीण देवदूत बनकर सामने आए और मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। इस दर्दनाक हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या मोड़ पर असंतुलन मानी जा रही है। प्रशासन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सख्त हिदायत दी है।