नाहन (संध्या कश्यप ,संवाददाता ),
सिरमौर जिले के दुर्गम क्षेत्रों में 108 एम्बुलेंस सेवा जीवनदायिनी साबित हो रही है ताजा मामले में सोमवार को कालाअंब पर तैनात 108 एम्बुलेंस की टीम ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से एक गर्भवती महिला का एम्बुलेंस में ही सफल प्रसव करवाया।जानकारी के अनुसार, नागल सुकेती क्षेत्र की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 108 एम्बुलेंस को सूचित किया। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और महिला को नाहन अस्पताल ले जाया जाने लगा। लेकिन रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा काफी बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए EMT पीयूष और पायलट मनीष ने एम्बुलेंस में ही महिला की सफल डिलीवरी करवाई। दोपहर करीब 12:30 बजे महिला ने एक सुंदर बेटी (Baby Girl) को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ है जिन्हे नाहन अस्पताल लाया गया । परिजनों ने संकट के समय देवदूत बनकर आए EMT पीयूष और पायलट मनीष का तहे दिल से धन्यवाद किया है। स्थानीय लोगों ने भी एम्बुलेंस स्टाफ की इस बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है।


