शिमला (विकास शर्मा , ब्यूरो चीफ ),
पुलिस थाना कोटखाई जिला शिमला में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शाही महात्मा गैंग के नेटवर्क का मुख्य सप्लायर और सरगना प्रदीप कुमार उर्फ रांटा (38 वर्ष) पुत्र बलवंत सिंह, निवासी गांव बिजौरी, डाकघर सीमा, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह मामला कुख्यात शाही महात्मा गैंग से जुड़ा है। मूल प्रकरण में 19 सितंबर 2024 को आरोपी मुद्दसीर अहमद मोची से 468.380 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ था। मामले की जांच के दौरान अब तक कुल 57 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें गैंग का मुख्य सरगना शाही महात्मा भी शामिल है।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदीप कुमार उर्फ रांटा, शाही महात्मा का मुख्य सहयोगी था। वह बाहरी राज्यों से चिट्टा लाकर रोहड़ू क्षेत्र में नेटवर्क के माध्यम से इसकी सप्लाई करता था। इस गैंग का नेटवर्क लगभग 500 से अधिक नशा सेवन करने वाले व्यक्तियों तक फैला हुआ था।
मुद्दसीर अहमद की गिरफ्तारी के बाद प्रदीप कुमार शाही महात्मा के साथ फरार हो गया था। हालांकि शाही महात्मा की गिरफ्तारी के समय वह भागने में सफल रहा और करीब डेढ़ वर्ष से फरार चल रहा था।
दिनांक 19 फरवरी 2026 को थाना कोटखाई और सब डिविजन ठियोग की विशेष टीम ने साक्ष्य जुटाकर तथा तकनीकी जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच आगे भी जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


