हरिपुरधार के समीप दर्दनाक सड़क हादसा, 22 वर्षीय युवक की मौत, छोटा भाई गंभीर घायल

0
669

ब्यूरो रिपोर्ट सिरमौर

जिला सिरमौर के संगड़ाह पुलिस थाना क्षेत्र में हरिपुरधार के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 18 वर्षीय छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा गुरुवार शाम करीब 5:40 बजे कजवा क्षेत्र के अंतर्गत खरोटियो खाला के पास पेश आया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जितेंद्र पुत्र स्व. लायक राम निवासी गांव पंजाह, तहसील संगड़ाह के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। बयान में बताया गया कि वह निजी कार्य से नौहराधार गया हुआ था और वापसी के दौरान उसने देखा कि मोटरसाइकिल नंबर HP-79-4037 हरिपुरधार की ओर जाते समय अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे जंगल की ओर जा गिरी।
हादसे के समय मोटरसाइकिल पर दो सगे भाई सवार थे। मृतक की पहचान अरुण कुमार (22) पुत्र राजेंद्र निवासी गांव लालग, डाकघर बडोल, तहसील संगड़ाह के रूप में हुई है, जबकि उसका छोटा भाई रमन (18) गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया, जिसकी मदद से दोनों को हरिपुरधार अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने अरुण कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि रमन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रैफर कर दिया गया है।
इस हादसे की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना के समय मोटरसाइकिल अरुण कुमार चला रहा था। पुलिस थाना संगड़ाह में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here