Categories: Uncategorized

उपमुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री ने श्री राधाकृष्ण मंदिर के वार्षिक महासम्मेलन में लिया भाग

ऊना (अक्की रत्तन, संवाददाता ),

श्री ठाकुर जी की पावन पालकी उठाई, भव्य शोभायात्रा में हुए सम्मिलित

ऊना, 4 फरवरी. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को ऊना ज़िले के कोटला कलां स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति द्वारा आयोजित वार्षिक धार्मिक महासम्मेलन में भाग लिया।
इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माथा टेका तथा राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री ने श्रद्धा-भाव के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण की पावन पालकी उठाई और भव्य शोभायात्रा में सम्मिलित होकर परिक्रमा पूर्ण की। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा भी इस अवसर पर साथ रहे।
शोभायात्रा के लिए सुसज्जित विशेष वाहन में उपमुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री तथा विधायक विवेक शर्मा राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के साथ विराजमान रहे।

विकास और विरासत दोनों को समान रूप से आगे बढ़ाने को कटिबद्ध : मुकेश अग्निहोत्री

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सभी श्रद्धालुओं को उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश की संस्कृति, आस्था और धार्मिक परंपराएं हमारी पहचान की आधारशिला हैं। इन परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास और विरासत, दोनों को समान रूप से आगे बढ़ाया जाए। ऊना ज़िले की अपनी विशिष्ट ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है। यहां स्थित सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं, जिनके सुदृढ़ीकरण और सुविधा विस्तार के लिए सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे महान संत समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं और उनकी उपस्थिति से सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना को बल मिलता है।

परंपरा और प्रगति को साथ लेकर चलना सरकार की प्रतिबद्धता : विक्रमादित्य सिंह

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समाज में आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित रखना सरकार की निरंतर प्राथमिकता है।
उन्होंने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के प्रति श्रद्धाभरे भाव प्रकट करते हुए कहा कि ऐसे महासंतों से समाज को जीवन दिशा मिलती है और उनके सान्निध्य से सामाजिक सौहार्द और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए सरकार हरसंभव सहयोग देती रहेगी। परंपरा और प्रगति को साथ लेकर चलना ही सरकार की मूल प्रतिबद्धता है।

भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत रही शोभायात्रा
राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज की अगुवाई में श्री राधाकृष्ण मंदिर, कोटला कलां द्वारा निकाली गई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति-भाव से शामिल हुए। इस दौरान भजन सम्राट संत चित्र-विचित्र महाराज के भक्तिमय भजनों से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।

हर वर्ष आयोजित होता है दिव्य धार्मिक समागम

उल्लेखनीय है कि श्री राधाकृष्ण मंदिर, कोटला कलां में प्रतिवर्ष 1 से 12 फरवरी तक दिव्य धार्मिक समागम का आयोजन किया जाता है। इस दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्री राधाकृष्ण जी के श्रीविग्रह स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ऊना शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है।

समागम में राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, आयोग के सदस्य विजय डोगरा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक अमित यादव, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे

Himachal Darpan

Recent Posts

राजगढ़ में चिट्टा तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, ट्रक से 3.17 ग्राम हेरोइन बरामद; दो गिरफ्तार

निशेष शर्मा राजगढ़। राजगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को…

18 hours ago

चंबा में गोल्ड टेस्टिंग मशीन पर उठे सवाल, 24 कैरेट के कड़े को 22 कैरेट बताने पर मचा बवाल

ब्यूरो रिपोर्ट चंबा। इरावती होटल में चल रही गोल्ड एग्जीबिशन के दौरान सोने की शुद्धता…

21 hours ago

बडू साहिब में जुए का भंडाफोड़, ताश की बाजी लगाते 7 दबोचे; 75,390 रुपये बरामद

ब्यूरो रिपोर्ट। राजगढ़/पच्छाद। पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने बडू साहिब के बखरोटी क्षेत्र में…

1 day ago

नाहन में रास्ता रोककर मारपीट का आरोप, चार युवकों के खिलाफ मामला

ब्यूरो रिपोर्ट । नाहन। पुलिस थाना नाहन में रास्ता रोककर मारपीट करने और जान से…

2 days ago

पच्छाद में आधी रात का विवाद! जमीन पर पहुंचे लोग, निर्माण कार्य को नुकसान पहुंचाने का आरोप

निशेष शर्मा राजगढ़। पुलिस थाना पच्छाद में जमीन विवाद से जुड़ा मामला दर्ज किया गया…

2 days ago

राजगढ़ में रास्ता रोककर मारपीट का आरोप, चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

निशेष शर्मा राजगढ़। राजगढ़। पुलिस थाना राजगढ़ में रास्ता रोककर मारपीट करने का मामला सामने…

2 days ago