हटली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नेरचौक-जाहू हाईवे पर कार से 1.389 किलो चरस बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

0
167

मंडी (नितेश सैनी,संवाददाता),

एंकर : जिला मंडी के बल्द्वाडा क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना हटली को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लगातार बढ़ते नशा तस्करी के मामलों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से की जा रही सख्त निगरानी के बीच हटली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नेरचौक-जाहू सुपर हाईवे पर कार्रवाई करते हुए कार से 1.389 किलोग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक अहम कदम है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना हटली की टीम एएसआई शैलेन्द्र और अनिल कुमार के नेतृत्व में ढलवान क्षेत्र के पास श्मशान घाट के समीप जाहू-नेरचौक सुपर हाईवे पर नाकाबंदी कर नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि मंडी से जाहू की ओर एक टैक्सी वाहन में चरस की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी। नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की आल्टो कार (नंबर HP01K-8353) को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसमें सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से 1.389 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने बिना देरी किए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ईश्वर दास (38) पुत्र चमारु राम, निवासी गांव बसुट, डाकघर थाची, तहसील बालीचौकी, तीर्थ राज (23) पुत्र गणु राम, निवासी गांव चुढार, डाकघर थाची, तहसील बालीचौकी व जीवानन्द (22) पुत्र दुनी चंद, निवासी गांव डिंगली, डाकघर थाची, तहसील बालीचौकी, जिला मंडी के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि रविवार को अवकाश होने के कारण आरोपियों को जोगिंदरनगर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इसके साथ ही इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों, संभावित सप्लायरों और खरीदारों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और अपने इनपुट के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ थाना हटली में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस रिमांड मिलने के बाद यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here