कंडाघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चंडीगढ़ से मुख्य चिट्टा सप्लायर गिरफ्तार

0
214

सोलन (नरेंद्र कुमार, संवाददाता)

पुलिस थाना कंडाघाट के अंतर्गत दर्ज एक मामले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में चिट्टा/हेरोइन के मुख्य सप्लायर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है।

मामले में प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें माननीय न्यायालय से चार दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से खुलासा हुआ कि बरामद चिट्टा/हेरोइन चंडीगढ़ निवासी दीपक नामक व्यक्ति से खरीदी गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि नशीला पदार्थ खरीदने के लिए आरोपियों ने सोने की बालियां बेचकर भुगतान किया था।

इन तथ्यों के आधार पर पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने दिनांक 15 जनवरी 2026 को backward linkage के तहत मुख्य सप्लायर दीपक पुत्र श्री डेंगू राम, निवासी सेक्टर-38, डड्डू माजरा कॉलोनी, चंडीगढ़ (यू.टी.), उम्र 35 वर्ष को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 14 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। इस मामले में अब तक कुल 25 ग्राम चिट्टा चार आरोपियों से बरामद हो चुकी है।

इसके अतिरिक्त आरोपियों द्वारा बेची गई सोने की बालियां, जिन्हें आरोपी ने अपनी गाड़ी में छुपाकर रखा था, बरामद की गई हैं। मामले में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आज 16 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here