चंबा (ओपी शर्मा ,संवाददाता ),
भरमौर–पांगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनकराज ने नई दिल्ली में एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री भूपेन्द्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिला चंबा के पांगी क्षेत्र में प्रस्तावित एनएचपीसी की डुग्गर जलविद्युत परियोजना तथा भरमौर क्षेत्र में एनएचपीसी चरण-दो व चरण-तीन परियोजनाओं से प्रभावित लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने सहित क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण माँगें उनके समक्ष रखीं।
भेंट के दौरान विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि जिला चंबा में एनएचपीसी द्वारा संचालित चमेरा एक, दो और तीन परियोजनाओं से प्रतिदिन हजारों मेगावाट विद्युत उत्पादन किया जा रहा है, ऐसे में स्थानीय लोगों को रोजगार, शिक्षा और विकास की सुविधाओं में प्राथमिकता मिलना आवश्यक है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. जनकराज ने भरमौर क्षेत्र में एनएचपीसी के सौजन्य से एक केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर एक औपचारिक माँग पत्र भी एनएचपीसी अध्यक्ष को सौंपा। इस पर एनएचपीसी अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री भूपेन्द्र गुप्ता ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रस्तुत माँगों पर सहमति जताई तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
एनएचपीसी अध्यक्ष ने कहा कि संस्था स्थानीय हितों की रक्षा, रोजगार सृजन एवं क्षेत्रीय विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विधायक द्वारा रखी गई माँगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।इस सकारात्मक पहल से भरमौर और पांगी क्षेत्र के लोगों में नई आशा और विश्वास का संचार हुआ है।

