नाहन (संध्या कश्यप, संवाददाता),
नेशनल हाइवे देहरादून- चंडीगढ़ पर माजरा क्षेत्र में सेनवाला के नजदीक एक स्कूटी-बाइक भिड़ंत में एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। हादसे का शिकार जवान माजरा पुलिस स्टेशन में तैनात था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बलवीर सिह पुत्र स्व0 श्री बालकिशन निवासी गांव व डा0 कोलर तह0 पांवटा साहिब जिला सिरमौर होमगार्ड में था औऱ वतर्मान में पुलिस थाना माजरा में तैनात था। जानकारी के अनुसार रणवीर सिह पुत्र लाल सिह निवासी गांव व डा0 कोलर तह0 पांवटा साहिब ने पुलिस स्टेशन माजरा में दर्ज आपने बयान में बताया कि जब वह अपनी गाडी में जा रहा था तो एक स्कूटी ने उसके आगे चल रहे मोटर साईकिल को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में बाइक पर सवार होमगार्ड जवान की मौत हो गई। आरोपी स्कूटी चालक की पहचान सुखविन्द्र सिह पुत्र श्री गुरदयाल सिह निवासी गांव रामपुर बंजारण के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।

