दाड़लाघाट में अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद, 130 पेटियां जब्त

0
78

सोलन (नरेंद्र कुमार, संवाददाता),

जिला सोलन के पुलिस थाना दाड़लाघाट की टीम ने नए साल के पहले ही दिन अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस टीम 01.01.2026 को थाना क्षेत्र के छामला में गश्त एवं कानून-व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थी, इसी दौरान गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि राहुल तथा पवन कुमार नामक दो व्यक्ति एक TATA Goods Carrier वाहन में अवैध रूप से शराब लेकर जा रहे हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकाम नवगांव में नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन नंबर HP-82A-4645 को रोककर नियमानुसार जांच की। वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान राहुल पुत्र पवन कुमार, निवासी गाँव छपरोल, डाकघर गाग्गल, तहसील बल्ह, जिला मंडी तथा अजय कुमार पुत्र गुरदियाल सिंह, निवासी गाँव कशारला, डाकघर रत्ती, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई।
वाहन की गहन तलाशी के दौरान डाले से कुल 130 पेटियां शराब बरामद की गईं, जिनमें कुल 1560 बोतलें शामिल थीं। इनमें 55 पेटियां अंग्रेजी शराब (660 बोतलें) तथा 75 पेटियां देसी शराब (900 बोतलें), मार्का ऊना नंबर-1 और संतरा पैराडाइज पाई गईं। आरोपियों से शराब के संबंध में वैध परमिट या लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
इस पर पुलिस थाना दाड़लाघाट में अभियोग पंजीकृत कर मामले में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को धारा 35(3) BNSS के अंतर्गत नोटिस देकर पाबंद किया गया है, वहीं उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगामी जांच जारी है और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here