राजगढ़ (निशेष शर्मा, संवाददाता),
राजगढ़ उपमंडल के शमोगा गांव में क्रिकेट क्लब चौहान ब्रदर शमोगा द्वारा भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की लगभग 48 टीमों ने भाग लेकर खेल भावना और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जाजर एवं खनोटीयो टीमों के बीच खेला गया। फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में राजगढ़ भाजपा मंडल के सचिव संजीव चौहान ने शिरकत की। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें खनोटीयो टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की।
आयोजन समिति की ओर से विजेता टीम खनोटीयो को 71 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता टीम जाजर को 31 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजीव चौहान ने आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तेजी से नशे के चंगुल में फंसती जा रही है, ऐसे में खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं को एक सकारात्मक मंच प्रदान करती हैं और उन्हें नशे से दूर रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह का माहौल देखने को मिला।


