मंडी (नितेश सैनी, संवाददाता),
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर बल्ह पुलिस थाना के तहत नागचला के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार नागचला के पास एक कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया है। और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। मामले की पुष्टि एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने की है उन्होंने कहा कि पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है।वही, पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
