नाहन (संध्या कश्यप, संवाददाता),
डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन के आपातकालीन विभाग में पर्ची शुल्क के 10 रुपये को माफ करने की मांग ड्रॉप्स ऑफ़ होप सोसाइटी ने विधायक के समक्ष उठाई। मांग को लेकर सोसायटी के अध्यक्ष ने इस संबंध में विधायक अजय सोलंकी को एक पत्र सौंपा है।
सोसाइटी के अध्यक्ष ईशान राव ने बताया कि इमरजेंसी में इलाज के लिए आने वाले हर मरीज़ को 10 रुपये का शुल्क देना पड़ता है। उन्होंने तर्क दिया कि कई गरीब और आर्थिक रूप से कमज़ोर मरीज़ों के लिए, खासकर गंभीर स्थितियों में, यह छोटी रकम भी एक अनावश्यक बोझ बन जाती है, जब उनकी पहली प्राथमिकता तुरंत मेडिकल सहायता प्राप्त करना होता है।
उन्होंने कहा कि आपातकाल के समय यह 10 रूपए भी लोगों के लिए एक बड़ी बाधा बन जाती है। राव ने कहा कि राज्य के कई ज़िलों में सरकारी मेडिकल सुविधाओं में इमरजेंसी इलाज के लिए कोई फीस नहीं ली जा रही है, और नाहन मेडिकल कॉलेज में भी इसी जन-हितैषी प्रथा का पालन होना चाहिए।”
‘ड्रॉप्स ऑफ़ होप’ सोसाइटी ने विधायक से यह अनुरोध किया है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें। सोसाइटी ने न केवल इमरजेंसी में आने वाले मरीज़ों के लिए, बल्कि ओपीडी स्लिप बनवाते समय आउटडोर मरीज़ों के लिए भी 10/- रुपये के इस चार्ज को भी माफ करने की मांग की है।

