ब्यूरो रिपोर्ट शिमला।
हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय इलाकों में सोमवार को हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार चम्बा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊपरी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है।वहीं, सोमवार और मंगलवार को बिलासपुर के भाखड़ा बांध जलाशय क्षेत्र और मंडी जिला की बल्ह घाटी के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।10 से 13 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम सामान्य रूप से साफ और शुष्क बना रहने का अनुमान है। हालांकि दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। विशेषकर जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है।पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की उम्मीद जगी है। बीते एक महीने से प्रदेश में सूखा पड़ने के कारण किसान और बागवान मौसम में बड़े बदलाव का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में बारिश व बर्फबारी की संभावना उनके लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।रविवार को कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति जिले के कुकुमसेरी में माइनस 5.9 डिग्री सेल्सियस, जबकि ताबो में माइनस 2.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
