ब्यूरो रिपोर्ट हमीरपुर।
हमीरपुर। नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत हमीरपुर पुलिस ने शुक्रवार देर शाम एक अहम कार्रवाई अंजाम दी। सदर थाना हमीरपुर की पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन लोगों को चिट्टे (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि पकड़े गए आरोपियों में एक बैंक अधिकारी भी शामिल बताया जा रहा है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई बाल स्कूल हमीरपुर के मैदान के समीप की गई, जहां पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को काबू किया। तलाशी लेने पर उनके पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दूसरी कार्रवाई जिला मुख्यालय के पास पक्का भरो क्षेत्र में की, जहां तीसरे आरोपी को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार इनमें से एक आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।तीनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों का मेडिकल और ड्रग टेस्ट करवाया गया है, हालांकि रिपोर्ट फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। बरामद नशीले पदार्थ की सटीक मात्रा का खुलासा भी पुलिस द्वारा अभी नहीं किया गया है।मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने कहा कि नशा माफिया के खिलाफ अभियान जारी है और पुलिस किसी भी सूरत में नशे के सौदागरों को बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

