रोहड़ू में नशे का कहर जारी, 19 वर्षीय युवक की चिट्टे की ओवरडोज से मौत

0
413

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला।

रोहड़ू क्षेत्र में पुलिस की लगातार नशे के खिलाफ सख़्त कार्रवाई और किलेबंदी के बावजूद नशा तस्करों के हौसले कम होते नहीं दिख रहे हैं। क्षेत्र में नशे की सप्लाई जारी है और युवा इसकी चपेट में आकर अपनी जिंदगी खो रहे हैं। ताज़ा मामला रोहड़ू उपमंडल की सब-तहसील जांगला के अंतर्गत मंघारा गांव का है, जहां 19 वर्षीय मोहित पुत्र टंकू राम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मोहित को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल रोहड़ू लाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में चिट्टे (हेरोइन) की ओवरडोज मौत का कारण बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, युवक नशे का आदी था।डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि आगे की जांच जारी है कि मौत का कारण वास्तव में चिट्टे की ओवरडोज ही है या नहीं।इसी बीच, रविवार को रोहड़ू-चिड़गांव मार्ग पर लंबाखाटल के पास एक अज्ञात शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह शव नेपाली मूल के व्यक्ति का बताया जा रहा है, जिसकी अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए नागरिक अस्पताल रोहड़ू के शव गृह में रखा है और मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस प्रशासन ने जनता से नशा तस्करों की जानकारी साझा करने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रखने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here