चंबा (ओपी शर्मा, संवाददाता),
बीती रात क़रीब 11:30 बजे पुलिस थाना चम्बा से एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल देने वाला मामला सामने आया। मानविंदर नामक आरोपी, निवासी झझाकोठी (तहसील चुराह), जिला चम्बा जो पुलिस रिमांड पर था, ने पेट दर्द का बहाना बनाकर पुलिस उसे शौचालय की ओर ले गए और वहीं मौका देखते ही साथ वाली दीवार फांद कर रात के अंधेरे में फरार हो गया। पुलिस के जवान समझ पाते, उससे पहले आरोपी हवा हो चुका था। पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलता रहा, लेकिन पुलिस का हाथ खाली ही रहा।
यह पहली बार नहीं है। इससे इब्राहिम नामक आरोपी जेल से पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका है और आज तक पकड़ में नहीं आया। उस मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल उठाए थे, लेकिन उसके बाद पुलिस कस्टडी से आरोपी का भाग जाना पुलिस कार्य प्रणाली पर कई तरह के सवाल खड़े किए हैं।लगातार फरार होते आरोपी अब विभाग की क्षमता पर जनता का भरोसा हिला रहे हैं।
फिलहाल पुलिस की टीम तलाश में जुटी है, पर हर बीतता मिनट सवालों को और कड़ा बना रहा है।
एएसपी हितेश लखनपाल ने घटना की पुष्टि की है उन्होंने बताया की आरोपी की तलाश जारी है ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर थाना सादर के रात्रि मुंशी को सस्पेंड कर दिया गया है तथा होमगार्ड जवान को ड्यूटी से हटाने के साथ ही सदर थाना प्रभारी, अन्वेषण अधिकारी और थाना मुंशी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए गए है।

