सोलन (नरेंद्र कुमार ,संवाददाता),
कोर्ट ऑफ कलेक्टर-कम-असिस्टेंट रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसायटीज सोलन द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट की अनुपालना करते हुए पुलिस चौकी शहर सोलन की टीम ने लोन डिफॉल्टर प्रेम नाथ जसवाल निवासी शांति निवास, सन्नी साइड सोलन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने यह कार्रवाई बघाट बैंक सोलन द्वारा दायर लोन रिकवरी मामले में की है।जानकारी के अनुसार प्रेम नाथ जसवाल ने बघाट बैंक सोलन से ऋण लिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर ऋण की अदायगी नहीं की। इस कारण उसे बैंक द्वारा डिफॉल्टर घोषित किया गया था। ब्याज सहित उसकी कुल देनदारी 16 लाख 63 हजार 274 रुपये है। बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद जसवाल कोर्ट में उपस्थित नहीं हुआ, जिसके बाद उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।इसी मामले में कोर्ट द्वारा अब तक कुल 22 डिफॉल्टरों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं। इनमें से सोलन जिले के नौ डिफॉल्टरों में पुलिस ने अब तक तीन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है, जबकि तीन ने स्वयं समर्पण किया है। शेष तीन की तलाश जारी है। शिमला और सिरमौर जिलों के 13 डिफॉल्टरों के संबंध में संबंधित जिला पुलिस को वारंट भेज दिए गए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
