बंजार (आशा डोगरा, सब एडिटर),
प्रदेश में इस वर्ष की भारी बरसात से अनेक सरकारी भवनों को नुकसान पहुँचा है। बाढ़ और भूस्खलन के कारण सरकारी संपत्तियों को गंभीर क्षति हुई है। बंजार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित बंजार महाविद्यालय का भवन भी इस आपदा से प्रभावित हुआ है। महाविद्यालय की चार मंज़िला इमारत में महीन दरारें आई हैं और भवन के धरातल पर पानी का भारी रिसाव हो रहा है। साथ ही महाविद्यालय प्रांगण में भी व्यापक भूस्खलन देखने को मिला है।


विधायक सुरेंद्र शौरी ने आज महाविद्यालय का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि दो सप्ताह से अधिक समय से कॉलेज बंद है, जो विद्यार्थियों के हित के विपरीत है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जल्द ही कक्षाएँ शुरू होना जरूरी है ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
विधायक शौरी ने उपमंडल अधिकारी बंजार तथा अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग बंजार को निर्देश दिए हैं कि खतरे का आकलन कर महाविद्यालय की कक्षाएँ सुरक्षित रूप से शुरू कराई जाएँ। उन्होंने कहा कि प्रशासन आवश्यक कदम उठाकर विद्यार्थियों की शिक्षा सुचारू रूप से बहाल करने में सहयोग करे।

