ब्यूरो रिपोर्ट सोलन।
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ जारी मुहिम के बीच सोलन जिला से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। थाना कुनिहार पुलिस ने देर रात चिट्टे की खेप के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया, जिनमें से एक एसडीआरएफ शिमला में तैनात पुलिस कांस्टेबल निकला।जानकारी के अनुसार, 12/13 अगस्त की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इलाके में नशे की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही सनोगी के पास सख़्त नाकाबंदी की गई। रात के सन्नाटे में पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में सवार अंकुश कुमार (28) और नितीश (28), दोनों निवासी कुनिहार, के पास से 4.60 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।जांच में बड़ा खुलासा हुआ कि आरोपी अंकुश कुमार एसडीआरएफ शिमला में बतौर पुलिस कांस्टेबल तैनात है। वर्दीधारी जवान की नशे के कारोबार में संलिप्तता ने पुलिस विभाग को भी सकते में डाल दिया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। वहीं, सोलन पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान और तेज़ किया जाएगा और वर्दी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरी नाराज़गी जताते हुए कहा कि वर्दी पहनकर नशे का कारोबार करना समाज के साथ विश्वासघात है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में कोई रियायत न बरतने की मांग की।

