ठियोग में अज्ञात नेपाली युवक की बेरहमी से हत्या, शव सड़क किनारे मिला

0
308

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला।

शिमला। ठियोग थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक अज्ञात नेपाली युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। शव मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।मामला उस वक्त सामने आया जब कलिंद गांव के निवासी अंकुश शर्मा के पास दो नेपाली मजदूर पहुंचे और उन्हें जानकारी दी कि वे महोरी गांव की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें एक नेपाली युवक का शव पड़ा मिला। इसके बाद अंकुश शर्मा ने तुरंत पंचायत प्रधान को सूचित किया, जिन्होंने मामले की जानकारी ठियोग पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। ठियोग के डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि युवक की मौत की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि युवक की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है।पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ ठियोग की अगुवाई में पुलिस टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और कई अहम सबूत जुटाए हैं, जो हत्यारों तक पहुंचने में मदद कर सकते हैं।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के नजदीकी सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि मृतक वहां तक कैसे पहुंचा और घटना को किसने अंजाम दिया।डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here