किन्नौर (सुरजीत नेगी, संवाददाता)
शोलटू में चरखा कारीगरों ने अंतराष्ट्रीय महिला दिवस को बड़े ही धूमधाम से मनाया, जिसमें जे एस डब्ल्यू द्वारा संचालित चरखा स्वयं सहायता समूह की लगभग 100 महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। उसके उपरांत महिलाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये, जिसमें चागांव, पानवी, शोंग, निचार, जानी एवं शोल्टू की महिला कारीगरों ने भाग लिया |
अपने सम्बोधन में उपायुक्त महोदय ने अंतराष्ट्रीय महिला दिवस का महत्व बताया और यह भी कहा कि यह दिन महिलाओं की शक्ति, संघर्ष और उनके योगदान को सम्मानित करने का दिन है I हालांकि, महिला सशक्तिकरण की दिशा में बहुत काम किया गया है, लेकिन हमें यह याद रखना चाहिए कि यह यात्रा अभी भी जारी है। उन्होंने जे एस डब्ल्यू द्वारा चरखा पहल के तहत आरम्भ किये गए महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि कुछ ही वर्षों में ये महिलाएं अंतराष्ट्रीय बाज़ार में अपने हथकरघा उत्पाद बेचने में सक्षम हो जाएँगी ।
इस दौरान चरखा के तहत सर्वश्रेष्ठ योगदान के लिए उपायुक्त महोदय द्वारा महिलाओं को इनाम भी दिया गया, जिसमे तेज राम को बेस्ट मास्टर ट्रेनर, प्रवीण कुमारी को श्रेष्ठ ट्रेनी, मान देवी को शोंग में सर्वश्रेष्ठ कारीगर, मायावती को शोंग में सर्वश्रेष्ठ योगदानकर्ता और प्रेरक, प्रेम लता को निचार में सर्वश्रेष्ठ कारीगर, सुरेखा को निचार में सर्वश्रेष्ठ योगदानकर्ता और प्रेरक, आशा कुमारी को सबसे उत्पादक कारीगर, कोयल भंडारी को सर्वश्रेष्ठ बिक्री कारीगर, यशोधा को बेस्ट आर्टिसन – चारखा क्वीन से नवाज़ा गया । इस कार्यक्रम में जे एस डब्ल्यू परियोजना प्रमुख कौशिक मौलिक एवं विभिन्न विभागाध्यक्ष भी उपस्थित रहे । परियोजना प्रमुख ने अपने भाषण में कहा कि हम महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हमेशा तत्पर है ।
