रामपुर परियोजना ने बायल में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम के साथ मनाया

0
545

सुरजीत नेगी /रामपुर बुशहर

रामपुर जल विद्युत स्टेशन, बायल द्वारा 76वाँ गणतन्त्र दिवस समारोह विधिवत हर्षोल्लास से मनाया गया। सर्वप्रथम समारोह में विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख ने ध्वजारोहण किया, तदुपरान्त सीआईएसएफ तथा हिमपैस्को के जवानों द्वारा परेड की गई एवं राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। परियोजना प्रमुख ने अपने संबोधन में सर्वप्रथम उपस्थित जनसमूह को गणतन्त्र दिवस की शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि इस दिन का हमारे जीवन में विशेष महत्व है क्योंकि 26 जनवरी 1950 को देश में भारतीय संविधान को लागू किया गया था तथा भारत एक लोकतांत्रिक संप्रभु तथा गणतन्त्र देश घोषित किया गया। उन्होंने बताया कि भारत का संविधान एक ऐसा सजीव ग्रन्थ है, जिसमें पिछले 76 वर्षों में चाहे जितने भी बदलाव आए मगर भारतीय संविधान ने इस देश को कभी दिशाहीन नहीं होने दिया और इस देश के सभी वर्गों को सभी विचारधारों को, सभी धर्मों और सम्प्रदायों को एकजुट रखा। उन्होंने बताया कि रामपुर एचपीएस विद्युत उत्पादन के नित नए उच्चत्तम मापदण्डों को स्थापित कर रहा है।

परियोजना प्रमुख ने परियोजना प्रभावित क्षेत्र के सभी देवी-देवताओं को नमन किया तथा परियोजना प्रभावित परिवारों, गांवों व अन्य स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया, जिनके प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग से यह परियोजना निबार्ध रूप से देश की उन्नत्ति में निरन्तर अपनी अहम भूमिका अदा कर रही है। गणतन्त्र दिवस के अवसर पर आंतर विभागीय समूहगान प्रतियोगिता ‘‘तिरंगा’’ का आयोजन किया गया, जिसमें देश भक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुतियाँ रामपुर एचपीएस के कर्मचारियोंए महिला क्लब के सदस्यों व सीआईएसएफ द्वारा दी गई। इस प्रतियोगिता में कुल 08 टीमों ने भाग लिया। अन्त में विजेता प्रतिभागियों एवं अन्य प्रस्तुतियों के प्रतिभागियों को परियोजना प्रमुख द्वारा पुरस्कृत किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here