शिमला (विकास शर्मा, ब्यूरो चीफ),
राजधानी शिमला स्थित उत्कृष्ट शिक्षा केन्द्र राजकीय महाविद्यालय संजौली में शुक्रवार को गणित विषय पर दो दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ हुआ। “ADVANCES IN MATHEMATICAL SCIENCES, SCIENTIFIC COMPUTING AND ITS APPLICATIONS” शीर्षक से अयोजित कार्यशाला में देश विदेश से आए विषय विशेषज्ञों ने शिरकत की। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद प्राचार्या प्रो भारती भागड़ा ने इस अंतरराष्ट्रीय समागम पर गर्व की अनुभूति व्यक्त करते हुए कहा कि उत्कृष्ट महाविद्यालय के विद्यार्थी और शिक्षक समुदाय इस अवसर का भरपूर लाभ उठाकर खूब ज्ञानवर्धन करेंगे।
कार्यशाला में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय दिल्ली से प्रोफेसर रिद्धि शाह, किंग सऊद यूनिवर्सिटी सऊदी अरब से प्रोफेसर सुरजीत सिंह, टोरंटो यूनिवर्सिटी से डॉ आराध्या सूद, टेल अविव यूनिवर्सिटी इस्राइल से डॉ हरप्रीत सिंह, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से प्रोफेसर राजेश कुमार शर्मा और प्रोफेसर राम प्रकाश शर्मा, पंजाब यूनिवर्सिटी से प्रोफेसर दिनेश खुराना और डॉ अंजना खुराना, संत लोंगोवाल इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संगरूर पंजाब से प्रोफेसर मंदीप सिंह आदि अनेक विषय विशेषज्ञ शामिल हुए हैं। इनके अलावा प्रदेश भर के महाविद्यालयों से भी लगभग 200 प्राध्यापक इस आयोजन में भाग ले रहे हैं, जो इन दो दिनों में पेपर भी प्रेजेंट करेंगे। इस कार्यशाला के आयोजन में विशेषरूप से गणित विभाग के डॉ गिरीश, डॉ अंजना और डॉ पूनम के अलावा संजौली महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक वर्ग ने अपना विशेष योगदान दिया है।

