मनाली (रेणुका गोस्वामी),
प्रदेश की सबसे पुरानी ट्रेवल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश ट्रेवेल एजेंट्स एसोसिएशन के चुनाव सोमवार को सर्वसम्मति से संपन्न हुए जिसमे हीरा लाल राणा को एसोसिएशन का नया प्रेजिडेंट चुना गया। अन्य कार्यकारिणी का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया। रोशन लाल व सुरेश शर्मा को वाईस प्रेजिडेंट, शैनव शर्मा जनरल सेक्रेटरी, दयानन्द जॉइंट सेक्रेटरी और गगन को कैशियर बनाया गया। एसोसिएशन की जनरल हाउस मीटिंग में चुनाव से पहले ये निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन का विस्तार प्रदेश के हर जिला में किया जाएगा और कोशिश रहेगी कि सभी ट्रेवल एजेंसियां 1994 में गठित इस एसोसिएशन की सदस्य बन सकें। पूर्व प्रेजिडेंट बुद्धि प्रकाश ने पिछले पांच सालों में अपने कार्यकाल के दौरान किए कार्यों व उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। नवनिर्वाचित प्रेजिडेंट हीरा लाल राणा ने बताया कि वो हिमाचल में पर्यटन के विकास और ट्रेवल एजेंट्स के हितों को देखते हुए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के साथ होने वाली ठगी और बदसलूकी को सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घर बैठे और बाहरी राज्यों से झूठे ट्रेवल एजेंट्स बन कर पर्यटकों को लूटने वालों पर पर्यटन विभाग की मदद से लगाम कसी जाएगी। उन्होंने ये भी कहा कि ट्रेवल ट्रेंड्स में होने वाले बदलावों से सभी सदस्यों को समय समय पर अवगत करवाया जाएगा और साथ ही नई पीढ़ी के जोश और हुनर की मदद से हिमाचल पर्यटन को पर्यटकों के लिए और भी सुगम और सुरक्षित बनाया जाएगा। चूंकि प्रदेश में आने वाले लाखों पर्यटकों का जिम्मा ट्रेवल एजेंट्स पर होता है, उन्होंने बताया कि एसोसिएशन को इतना मजबूत किया जाएगा कि पर्यटकों से ठगी ना हो और पर्यटक अपने साथ हुए अच्छे व्यवहार की यादें लेकर वापिस घर लौटें। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश में सैंकड़ों लोग गैर-कानूनी तरीके से पर्यटन व्यवसाय चला रहे हैं जबकि बाहरी राज्यों के एजेंट्स पर्यटकों को भ्रमित कर रहे हैं जो की चिंता का विषय बन गया है।

