मंडी (नितेश सैनी/संवाददाता),
मंडी जिला के सुंदरनगर शहर के सबसे व्यस्त बाजार भोजपुर में देर शाम करीब 7 बजे बिजली के खंभे पर स्थित तारों में शार्ट सर्किट होने से बाजार में अफरा तरफरी मच गई है। एक ओर जहां पर बाजार में ग्राहक अपनी जान बचाकर भागे व वही पर आसपास के दुकानदार भी अपनी दुकानों के सामान को आगजनी से बचाने के लिए दौड़ाते नज़र आए। करीब 2 मिनट तक बिजली की तारों में जोरदार आवाज होने के साथ चिंगारियां सड़क पर गिरती रही और तब जाकर बिजली बंद होने पर आग खुद बुझ गई। गनीमत रही कि दिन के समय यह हादसा पेश नहीं आया नहीं तो एक बड़ा हादसा पेश आ सकता था। वहीं मामले को लेकर संयुक्त व्यापार संगठन सुंदरनगर के प्रधान सुरेश कौशल उर्फ बबू पंसारी ने विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर गहरा रोष प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा बड़ा होता तो इसका जिम्मेवार कौन होता और भविष्य में इस प्रकार के हादसे न हो इसको लेकर विद्युत विभाग को कुछ व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भोजपुर बाजार तारों के जंजाल से घिरा हुआ है जिससे इस प्रकार के घटनाओं के घटित होने का लगातार खतरा मंडराया रहा है। गत दिनों भी एक व्यापारी महिला एचटी लाइन की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गई थी और अब इस घटना से बाजार के व्यापारियों में दशहत का मौहाल बना हुआ है। उन्होंने विद्युत विभाग सुंदरनगर से भोजपुर बाजार को तारों के जंजाल से मुक्त करने का आग्रह किया है। वहीं तहसीलदार सुंदरनगर वेद प्रकाश ने विद्युत विभाग को भोजपुर बाजार में तारों के जंजाल से मुक्त करने व तारों को व्यवस्थित करते हुए व्यापारियों और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए है। विद्युत विभाग सुंदरनगर के अधिशाषी अभियंता राजेश कौंडल ने बताया कि विद्युत की मुख्य केबल में ब्लास्ट होने से यह घटना सामने आई है। स्टाफ की कमी और नए विद्युत खम्बों को लगाने में आ रही परेशनियां मुख्य कारण है कि वे समय पर विद्युत तारों को व्यवस्थित नहीं कर पा रहे है। जल्द ही समस्या का पूर्ण रूप से समाधान किया जाएगा।

