भरमौर (महिंद्र पटियाल/संवाददाता),
जन-जातीय क्षेत्र भरमौर के खड़ामुख-होली सड़क मार्ग पर हुए कार हादसे का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा है | इसमें कितने व्यक्ति सवार थे इस पर भी अभी संसय बना हुआ है, चमेरा तृतीय डैम का पानी आज खाली होने पर भी ऑल्टो कार व उसमें सवार व्यक्तियों का कोई अता पता नहीं लग पाया | आज सुबह से ही एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन पर डटी रही पर शाम तक उन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लगी | भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज व पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने भी घटनास्थल का दौरा किया व परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट भी की व प्रशासनिक टीम को जल्द से जल्द इस सर्च ऑपरेशन को पूरा करने का आग्रह किया ताकि पीड़ित परिवार को इस दुख की घड़ी में कुछ राहत मिल सके | इसके अलावा एडीएम भरमौर नरेंद्र कुमार चौहान व प्रशासनिक टीम भी घटनास्थल पर डटी रही | स्थानीय लोगों ने चमेरा प्रबंधन पर डैम को कवर न करने का भी आरोप लगाया | उनके अनुसार खड़ामुख डैम साईट पर ही कितने सड़क हादसे हो चुके हैं व कितने लोगों की जान जा चुकी है फिर भी चमेरा प्रबंधन अपनी कुंभकर्णी नींद से नहीं जागा है | अगर डैम के एरिया को एंगल जाला लगाकर कवर किया होता तो आज कितने परिवारों के चिराग नहीं बुझ पाते | दूसरी तरफ थाना प्रभारी भरमौर हरनाम सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि चमेरा तृतीय डैम का पानी छोड़े जाने के बाद एक लापता व्यक्ति तिलक राज पुत्र थुनिया राम गांव लाहल पंचायत खणी उम्र 35 वर्ष का शव त्रिलोचन महादेव मंदिर तट के समीप बरामद हुआ है जो कि 18 जून से लापता चल रहा था व उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी | भरमौर पुलिस द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर व भरमौर हस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है | एडीएम भरमौर नरेंद्र कुमार चौहान ने यह जानकारी देते हुए बताया कि एनडीआरएफ टीम व भरमौर प्रशासनिक टीम भी इस सर्च ऑपरेशन पर पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है जिसके लिए वो खुद भी स्पोर्ट पर जाकर देख रहें उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही इस सर्च ऑपरेशन को पूरा कर लिया जायेगा |

