रामपुर : करीब 25 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचे जिला किन्नौर के चार युवक

0
506

रामपुर बुशहर (ललित ठाकुर/सब एडिटर),  

पुलिस उपमंडल रामपुर के अंतर्गत चिट्टा तस्करों पर पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है। बीते दिनों जहाँ रामपुर बुशहर में चिट्टे का कारोबार चला रहे एक बड़े तस्कर को पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया वही बीती रात एक और कार्यवाही करते हुए रामपुर पुलिस ने करीब 25 ग्राम चिट्टे के साथ जिला किन्नौर के चार युवकों को दबोचा है। पुलिस ने आरोपी युवकों को अपनी हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसडीपीओ रामपुर आईपीएस शिवानी महला ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार रात पुलिस चौकी रामपुर के हेड कांस्टेबल हुकुम लाल की अगुवाई में पुलिस दल गश्त पर था। इस दौरान रात करीब 9 बजे पिपटी स्थित फॉरेस्ट ऑफिस गेट के समीप सड़क किनारे पार्क एक वाहन में सवार संदिग्ध युवकों को देखा गया। शक के आधार पर पुलिस ने युवकों से पूछताछ की तो युवक घबरा गए। जिसके पश्चात उनकी तलाशी ले गई और तलाशी में उनके पास से 24.70 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी युवकों की पहचान 38 वर्षीय कमल किशोर पुत्र भागीरथ गांव सुसारा डाकघर व तहसील मोरंग जिला किन्नौर, कुलवंत सिंह पुत्र देवी सिंह गांव कोठी तहसील कल्पा जिला किन्नौर उम्र 28 वर्ष, वीरेंद्र कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार गांव कोठी तहसील कल्पा उम्र 27 वर्ष तथा तीरथ राम पुत्र दीवान चंद डाकघर कोठी तहसील कल्पा जिला किन्नौर उम्र 34 वर्ष के तौर पर हुई है। पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 व 29 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वही एसडीपीओ रामपुर आईपीएस शिवानी महला ने स्पष्ट किया कि रामपुर क्षेत्र में नशे का कारोबार फैला रहे सभी संदिग्धों पर पुलिस की पैनी निगाह बनी हुई है। उन्होंने बताया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here