रामपुर बुशहर (ललित ठाकुर/सब एडिटर),
रामपुर उपमंडल के ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने में हंस फाउंडेशन अहम जिम्मेदारी निभा रही है। अपनी मोबाइल यूनिट के माद्यम से हंस फाउंडेशन ना केवल ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर रही है बल्कि विभिन्न प्रकार के लेब टेस्ट के साथ निशुल्क दवाए भी घरद्वार पर ही उपलब्ध करवा रही है। बुधवार को ये मोबाइल यूनिट रामपुर विकास खंड के लालसा गांव पहुंची, जहां करीब 100 से अधिक मरीजो की जांच की गई। हंस फाउंडेशन के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी आर्यन केथला ने जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल यूनिट स्वास्थ्य जांच के साथ विभिन्न विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक भी कर रही है। जिसके तहत लालसा के ग्रामीणों को एच3एन2 वायरस के बारे भी जागरूक किया गया। इस मोबाइल यूनिट में डॉ. रोहित रतन के साथ कुल पांच कर्मचारियों का स्टाफ शामिल रहा, जो मरीजों की बारीकी से स्वास्थ्य जांच करते है। बताते चले कि हंस फाउंडेशन की कुल चार मोबाइल यूनिट पूरे रामपुर में अपनी सेवाएं दे रही है। इसके अलावा एक मोबाइल यूनिट महीने भर में 24 स्थानों पर मरीजो की जांच करती है। वही ये सिलसिला हर माह ऐसे ही चलता है तथा निर्धारित दिन व निर्धारित स्थान पर मोबाइल यूनिट स्वास्थ सेवाए उपलब्ध करवाती है। गौर हो कि रामपुर के दुर्गम एवम ग्रामीण क्षेत्रों के लोगो को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए रामपुर पहुंचना पड़ता था, उक्त क्षेत्रों में ना तो बेहतर इलाज मिल पाता था और ना ही लेब टेस्ट की सुविधाएं यहाँ उपलब्ध हो पाती थी। लेकिन अब हंस फाउंडेशन की मोबाइल यूनिट की बदौलत ग्रामीणों को अपने घरद्वार पर ही निशुल्क दवाओं के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया हो पा रही है।

