शिमला (ब्यूरो रिपोर्ट),
प्रदेश सरकार ने पहली से आठवीं कक्षा तक के सभी लड़कों व लड़कियों को निःशुल्क स्कूल ड्रेस के लिए 600 रुपये प्रति विद्यार्थी प्रदान करने का निर्णय लिया है। कैबिनेट में हुए इस फैसलों को सरकार ने अब बदल दिया है। हाल ही में हुई कैबिनेट मीटिंग में सरकार ने फैसला किया था कि हिमाचल के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं तक के बच्चों को स्कूली वर्दी के लिए सरकार उनके खातों में पैसे डालेगी। लेकिन सरकार ने सामान्य वर्ग के बच्चों को इस योजना से बाहर कर दिया था और उन्हें वर्दी के लिए पैसे नहीं दिए जाने थे। लेकिन अब सरकार ने अपना फैसला बदला है और अब सामान्य वर्ग के बच्चों को भी वर्दी के लिए पैसे दिए जायेंगे। इससे प्रदेश के लगभग 5.25 लाख विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। यह जानकारी मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दी। उन्होंने कहा कि स्कूल ड्रेस की यह राशि विद्यार्थी अथवा उनकी माता के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से अंतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सदैव तत्पर है और उन्हें लाभान्वित करने के लिए विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं।

